मैनपुरी , अगस्त 13 -- हर घर तिरंगा अभियान के तहत मैनपुरी में गुरुवार को भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। अमन इंटरनेशनल स्कूल से शुरू हुई रैली में हजारों युवाओं और छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम और इंकलाब जिंदाबाद के नारों के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। राष्ट्रभक्ति गीतों से अमन इंटरनेशनल स्कूल से भांवत चौराहा, स्टेशन रोड, क्रिश्चियन तिराहा और बस स्टैंड क्षेत्र तक पूरा मार्ग तिरंगामय नजर आया। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति ने रैली का शुभारंभ करते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीर सपूतों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग व बलिदान से मिली है। उन्होंने युवाओं से बलिदानियों से प्रेरणा लेकर देश के सर्वांगीण विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम और महापुरुषों के योगदान से परिचित कराना है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों को केवल विशेष अवसरों पर याद करने के बजाय उनके विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाना चाहिए।

भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस वीर सपूतों के त्याग और संघर्ष को याद करने के साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को निभाने का अवसर है। जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने तिरंगे को राष्ट्र की एकता और गौरव का प्रतीक बताते हुए देश निर्माण में सभी से योगदान देने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित