जौनपर , अगस्त 15 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह ने शनिवार को कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान तथा करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के सम्मान और गौरव की रक्षा करना प्रत्येक भारतीय का दायित्व है।

अपने कैंप कार्यालय पर 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण करने के पश्चात उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2022 में शुरू हुए 'हर घर तिरंगा' अभियान के माध्यम से देशवासियों ने अपने घरों पर तिरंगा फहराकर विविधता में एकता और राष्ट्रीय अखंडता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा हर भारतीय के दिल में बसना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को मजबूत करने की दिशा में 'प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर्स अमेंडमेंट एक्ट, 2026' महत्वपूर्ण कदम है। राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, राष्ट्रीय ध्वज और संविधान भारत की शान हैं तथा इनके अपमान को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने देशवासियों से स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों की कुर्बानियों से मिली आजादी तथा तिरंगे की गरिमा को सदैव बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने देश की आजादी में शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए उन्हें सादर नमन किया।

श्री सिंह ने कहा कि तिरंगा देश के स्वाभिमान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई हर घर तिरंगा जन-जन का अभियान बनकर नई पीढ़ी में राष्ट्रभावना को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान ने पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि हर घर पर लहराता तिरंगा राष्ट्र के प्रति प्रेम और समर्पण की अभिव्यक्ति है। तिरंगे का सम्मान केवल घरों तक सीमित न रहकर प्रत्येक भारतीय के दिल में होना चाहिए। राष्ट्रीय चेतना के आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में उतारना ही इस अभियान की वास्तविक सार्थकता है। अंत में श्री सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित