अलवर , सितम्बर 21 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा नगर परिषद में सभापति चुनाव को लेकर सोमवार को दिनभर सियासी गहमा-गहमी बनी रही।

मतदान प्रक्रिया में देरी के चलते निर्वाचन अधिकारी ने मतदान का समय बढ़ा दिया है। अब पार्षद रात आठ बजे तक मतदान कर सकेंगे। नगर परिषद के कुल 35 पार्षदों में से दोपहर पौने दो बजे तक 16 पार्षद मतदान कर चुके थे।

देरी से पहुंच रहे पार्षदों के आग्रह को देखते हुए निर्वाचन अधिकारी ने मतदान का समय बढ़ाने का निर्णय लिया। ऐसे में अब देर शाम तक सभी पार्षदों के मतदान के बाद तिजारा को नया सभापति मिलने की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

सभापति चुनाव से एक दिन पहले कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि उसके समर्थित पार्षदों को हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने रोक लिया। इस घटनाक्रम के बाद तिजारा में माहौल गरमा गया। कांग्रेस समर्थकों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया, बाजार बंद कराए गए और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। पूरे घटनाक्रम के बीच तिजारा में पुलिस बल तैनात किया गया और शहर पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित