अलवर , सितंबर 21 -- राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के तहत खैरथल-तिजारा जिले की तिजारा नगरपरिषद के सभापति के चुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारी हैं।

इस नगर परिषद प्रमुख के चुनाव में मतदान के दौरान समय पर पार्षदों के नहीं पहुंच पाने पर मतदान का समय रात दस बजे तक बढ़ाया गया था और इस दौरान मतदान हुआ ओर आखिरकार कांग्रेस ने सभापति पद पर कब्जा कर लिया।

रात करीब 9:45 बजे तक चले मतदान में कांग्रेस प्रत्याशी रामावतार सैनी ने भाजपा प्रत्याशी सुभाष चंद सैनी को दो मतों से हरा दिया। मतदान में 35 पार्षदों ने भाग किया। इनमें एक मत अवैध घोषित हो गया जबकि श्री रामावतार सैनी को 18 और श्री सुभाष चंद सैनी को 16 मत मिले।

तिजारा नगर परिषद में कुल 35 वार्ड हैं और सभापति के चुनाव में सभी 35 पार्षदों ने मतदान किया। परिणाम सामने आते ही रामावतार सैनी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने नारेबाजी और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।

तिजारा के इस चुनाव में निर्दलीय पार्षद निर्णायक भूमिका में रहे। पार्षद चुनाव में 31 निर्दलीय, भाजपा के तीन और कांग्रेस का एक पार्षद निर्वाचित हुआ था। सभापति बनने के लिए 18 वोट जरूरी थे। ऐसे में निर्दलीय पार्षदों के रुख ने पूरे चुनाव का समीकरण तय किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित