ग्वालियर , मई 25 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले स्थित तिघरा डैम में दो युवकों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों युवक दो दिन पहले घर से घूमने जाने की कहकर निकले थे और इसके बाद लापता हो गए थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान मोहित रजक (25) और अभिषेक सागर (24) निवासी लाल कुआं का पूरा कला, सैयद तारागंज के रूप में हुई है। दोनों युवक आपस में मित्र थे और मजदूरी का कार्य करते थे।
बताया गया कि दोनों युवक घर से घूमने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की और बाद में जनकगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच स्थानीय लोगों ने तिघरा थाना पुलिस को सूचना दी कि डैम के ओवरफ्लो क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल और कुछ कपड़े पड़े हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां खड़ी होंडा शाइन मोटरसाइकिल अभिषेक सागर की निकली। इसके बाद पुलिस को अनहोनी की आशंका हुई।
रात में अंधेरा होने के कारण सर्च अभियान में कठिनाई आई। सोमवार दोपहर पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोबारा तलाश अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव डैम के पानी से बरामद कर लिए गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित