ग्वालियर , सितंबर 11 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर की जीवनरेखा तिघरा जलाशय का जलस्तर 739.50 फीट के पार पहुंचने के बाद शुक्रवार शाम छह बजे जल संसाधन विभाग ने तीन गेट नौ-नौ इंच खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी शुरू की।

तिघरा जलाशय की क्षमता 740 फीट है। जलाशय पुराना होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से इसे 739 फीट तक ही भरा जाता है। इससे अधिक जलस्तर होने पर अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए गेट खोले जाते हैं। लगातार पानी की आवक के चलते शुक्रवार को जलस्तर 739.50 फीट के पार पहुंच गया, जिसके बाद गेट खोले गए।

तिघरा बांध के गेट महापौर शोभा सतीश सिकरवार की मौजूदगी में खोले गए। अच्छी बारिश के कारण जलाशय के लबालब होने और मौसम सुहावना रहने से बड़ी संख्या में सैलानी भी तिघरा पहुंचे और गेटों से पानी की निकासी का नजारा देखा।

जल संसाधन विभाग ने गेट खोलने से पहले सांक नदी के किनारे बसे गांवों तथा ग्वालियर के प्रभावित क्षेत्रों ग्राम तिघरा, कैथा, तालपुरा, महिदपुर, पृथ्वीपुर, कुलैथ, अगरा भटपुरा, दुगनावली और तिलघना तथा मुरैना जिले के ग्राम पहाड़ी, जखौदा और बामोर के लोगों को सतर्क रहने और नदी किनारे नहीं जाने की सूचना दी। तिघरा जलाशय से छोड़ा गया अतिरिक्त पानी सांक नदी में पहुंचकर पिलौआ बांध में जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित