हरिद्वार , जुलाई 27 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के सिडकुल थाना पुलिस ने घर का ताला तोड़कर मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया। आरोपी ने पूछताछ में नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है।
पुलिस के अनुसार, सूर्यनगर कॉलोनी, रोशनाबाद निवासी राशिद ने 25 जुलाई को थाना सिडकुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके कमरे का ताला तोड़कर रियलमी सी-13 मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन जांच के दौरान मिली सूचना पर न्यू थाना भवन सिडकुल के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान नाजिम पुत्र मुन्ने, निवासी खुदागंज, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी रोशनाबाद, थाना सिडकुल, हरिद्वार के रूप में बताई। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 24 जुलाई को सूर्यनगर कॉलोनी स्थित एक कमरे का ताला तोड़कर मोबाइल चोरी किया था। उसने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है।आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित