रायबरेली , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के शिवगढ़ इलाके के कोडर गांव में शनिवार को एक तालाब से बुजुर्ग चरवाहे का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह करीब 11:30 बजे पुलिस को तालाब में शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान गांव निवासी हरीराम (70) के रूप में हुई है। पंचनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार हरीराम भैंस चराने का काम करते थे। पुलिस के अनुसार आसपास के लोगों का अनुमान है कि तालाब के पास भैंसों की आपसी लड़ाई के दौरान उन्हें अलग कराने का प्रयास करते समय वह पानी में गिर गए और डूब गए। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे समय रहते उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित