मधुबनी , जुलाई 17 -- बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में तालाब में डूबने से एक मजदूर की मौत हो गई।पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि शाहपुर पंचायत के बिशे-लड्डूगामा प्राथमिक विद्यालय के समीप स्थित तालाब में स्नान करने के दौरान डूबने से विशनपुर के भगवतीपुर गांव निवासी सुरेंद्र राम के पुत्र मिथुन कुमार राम (23) की मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि मिथुन कुमार राम गांव के एक राजमिस्त्री के साथ बिशे- लड्डूगामा गांव में मजदूरी करने आया था। दोपहर में भोजन करने के बाद वह स्नान के लिए तालाब में उतरा। इसी दौरान वह तालाब के गहरे हिस्से में चला गया और डूब गया।कुछ समय बाद जब उसकी तलाश शुरू हुई तो ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे। किनारे पर उसके कपड़े मिलने के बाद लोगों ने तालाब में खोजबीन की। बाद में युवक को तालाब के एक हिस्से से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। जनप्रतिनिधियों ने डायल-112 पुलिस टीम को सूचना दी, जिसके बाद बेनीपट्टी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित