नयी दिल्ली/ढाका , सितंबर 26 -- बंगलादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा की तारीख पर अभी भारत-बंगलादेश के बीच सहमति नहीं बनी है।

मामले से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी।

श्री तारिक रहमान को द्विपक्षीय यात्रा के साथ-साथ भारत में हाल में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन द्विपक्षीय संबंधों में जारी तनाव के बीच बंगलादेश ने शिखर सम्मेलन में शामिल होने से इनकार कर दिया। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच द्विपक्षीय यात्रा की तारीख तय करने को लेकर कोई ठोस चर्चा नहीं हुई है।

एक अधिकारी ने कहा, ''द्विपक्षीय यात्रा का निमंत्रण है और इस पर निर्णय बंगलादेश को लेना है। फिलहाल यात्रा की तारीख को लेकर न तो कोई अंतिम निर्णय हुआ है और न ही स्पष्टता है।''भारत के व्यस्त कूटनीतिक कार्यक्रम और बंगलादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान की बंगलादेश में अनुपस्थिति से भी कार्यक्रम तय करना जटिल हो गया है। जून में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के अध्यक्ष चुने गए खलीलुर रहमान उच्चस्तरीय संयुक्त राष्ट्र महासभा सप्ताह के लिए न्यूयॉर्क में हैं और अक्टूबर तक वहीं रहने की संभावना है।

भारत अक्टूबर में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क की मेजबानी करने वाला है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 से 18 नवंबर तक आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फिलीपींस की यात्रा करेंगे। श्री मोदी दिसंबर के मध्य के आसपास अमेरिका, कनाडा और बेल्जियम की यात्रा भी कर सकते हैं। ऐसे में नवंबर तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा के लिए प्रमुख समयावधि रह जाती है।

भारत ने इससे पहले बंगलादेश के साथ संबंधों को नये सिरे से बेहतर बनाने में रुचि के संकेत दिए थे। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दिसंबर 2025 में बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के राजकीय अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया था, जबकि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला फरवरी में तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने बंगलादेश गये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित