रायपुर , सितंबर 14 -- छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तारा कोल ब्लॉक की नीलामी के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन के ऐलान पर सोमवार को निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (सीजीएमडीसी) इस मामले में पूरी जानकारी दे चुका है और यह स्पष्ट किया जा चुका है कि किसकी क्या भूमिका रही है।

श्री साव ने संवाददाताओं से चर्चा में आज आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल झूठ और भ्रम फैलाने का काम करती है और कोई भी सच्चाई उसके गले नहीं उतरती।

सेवा संकल्प अभियान के शासकीयकरण के कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपलब्धियों और आम लोगों को अभियान से जोड़ने का कार्यक्रम पसंद नहीं आ रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।

श्री साव ने कहा, "कांग्रेस एक परिवार की चाकरी करने वाली पार्टी है। उन्हें गांधी-नेहरू परिवार की चाकरी पसंद आती है। सेवा संकल्प अभियान के जरिए आम लोगों को जोड़ने का काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों को लेकर होने वाला कार्यक्रम कांग्रेस को कैसे पसंद आएगा।"गणेश उत्सव के दौरान पंडालों में व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने कहा कि अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

सनातन धर्म को लेकर कांग्रेस पर हमला करते हुए श्री साव ने कहा, "कांग्रेसी हमें सनातन के बारे में न सिखाएं। राम को काल्पनिक बताने वाले लोग सनातन की शिक्षा न दें।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उन पार्टियों के साथ गठबंधन है जो सनातन का विरोध करती हैं और कांग्रेस ने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित