धार , अगस्त 03 -- मध्य प्रदेश के धार जिले में राजगढ़-कुक्षी मार्ग स्थित ताराघाटी मोड़ पर सोमवार सुबह बस और मारुति ईको कार की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना ताराघाटी रोड के एक मोड़ पर हुई, जहां तेज रफ्तार बस और ईको कार की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्थानीय ग्रामीणों ने कार का दरवाजा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और तत्काल राजगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में कुक्षी के बुरहानी कॉलोनी निवासी हैदर (20) पिता काईद जौहर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना में अली अजगर (24) गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि काईद जौहर (49), शकीरा (47) और कार चालक हुसैन को भी चोटें आई हैं।

सूचना मिलने पर रिंगनोद चौकी और सरदारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर यातायात बहाल कराया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित