धार , अक्टूबर 10 -- मध्य प्रदेश के धार जिले के गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के टांडा अंचल में ताराघाटी नहर की मरम्मत के लिए शासन ने एक करोड़ 52 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। गंधवानी विधायक एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की पहल पर मिली इस स्वीकृति से क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था में सुधार होने और किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार टांडा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान किसानों ने श्री सिंघार को ज्ञापन सौंपकर इंदिरा गांधी जलाशय (ताराघाटी) अम्बासोटी नहर योजना के वेस्ट वियर में ओगी पाल से संबंधित समस्या से अवगत कराया था। किसानों ने शनिवार को बताया था कि इस समस्या के कारण सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।

किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए श्री सिंघार ने 22 मई 2025 को शासन को पत्र लिखकर नहर के विशेष मरम्मत कार्य के लिए राशि स्वीकृत करने की मांग की थी। इसके बाद शासन ने वेस्ट वियर में ओगी पाल के सुधार एवं मरम्मत कार्य के लिए 1.52 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।

नहर की मरम्मत से अम्बासोटी, कालीदेवी, बड़दा, मुहाजा और टांडा क्षेत्र के किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इन क्षेत्रों की हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई इस नहर व्यवस्था पर निर्भर है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद खेतों तक पानी पहुंचाने में सुविधा मिलने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित