बैतूल , जून 22 -- मध्य प्रदेश की पवित्र नगरी मुलताई में स्थित ताप्ती उद्गम क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विकास को गति देने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) वीरेंद्र तिवारी ने सोमवार को कलेक्टर बैतूल को पत्र लिखकर ताप्ती ट्रस्ट के गठन की मांग की है। प्रस्तावित ट्रस्ट के माध्यम से क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों, सरोवरों और धार्मिक परिसंपत्तियों के संरक्षण, प्रबंधन और विकास की दिशा में कार्य किए जाने का सुझाव दिया गया है।

सीएमओ तिवारी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्ष 2009 में मध्यप्रदेश शासन द्वारा मुलताई को आधिकारिक रूप से पवित्र नगरी घोषित किया गया था लेकिन इसके बावजूद अब तक ताप्ती ट्रस्ट का गठन नहीं हो सका है। उनके अनुसार ट्रस्ट के अभाव में ताप्ती उद्गम क्षेत्र के समग्र विकास और धार्मिक धरोहरों के व्यवस्थित संरक्षण में कठिनाइयां आ रही हैं।

श्री क्षेत्र ताप्ती उद्गम स्थल पर स्थित प्राचीन मंदिरों का संयुक्त सर्वेक्षण राजस्व विभाग और नगर पालिका परिषद द्वारा किया गया था। सर्वेक्षण के उपरांत राजस्व विभाग ने संबंधित आदेश जारी कर इन मंदिरों को राजस्व अभिलेखों में दर्ज कर लिया है। वर्तमान में मां ताप्ती मंदिर सहित कुल 35 प्राचीन मंदिरों को राजस्व रिकॉर्ड में शामिल किया जा चुका है। इसके साथ ही मां ताप्ती उद्गम सरोवर, विभिन्न धार्मिक कुंडों तथा ताप्ती नदी के प्रवाह क्षेत्र का भी सीमांकन कर विधिवत अभिलेखीकरण किया गया है।

नगर पालिका के अनुसार इन सभी परिसंपत्तियों का स्वामित्व वर्तमान में कलेक्टर बैतूल के नाम सर्वराकार के रूप में दर्ज है। ऐसे में मध्यप्रदेश लोक न्यास अधिनियम, 1951 के तहत एक शासकीय ट्रस्ट का गठन आवश्यक है। पत्र में "मां ताप्ती मंदिर समिति" नाम से ट्रस्ट गठित करने का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे संपूर्ण तीर्थ क्षेत्र का योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जा सके।

नगर पालिका का मानना है कि ट्रस्ट के गठन से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, मंदिरों की संपत्तियों की सुरक्षा मजबूत होगी तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी। इस संबंध में भेजे गए प्रस्ताव के साथ राजपत्र की प्रति, मंदिरों की सूची, खसरा प्रतियां तथा ताप्ती नदी सीमांकन रिपोर्ट भी संलग्न की गई है। नगर पालिका ने कलेक्टर से मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित