पांढुर्ना , सितंबर 23 -- मध्यप्रदेश में पांढुर्ना के गुजरी बाजार में आयोजित ताड़का मारोती के कार्यक्रम के दौरान नाचते समय धक्का लगने से हुए विवाद में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में युवक के सिर और गले में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार घटना के दौरान पेवटा वार्ड निवासी 38 वर्षीय योगेश का मोहल्ले में ही रहने वाले दक्ष सोहनकरे से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि गुजरी बाजार में ताड़का मारोती के आयोजन के दौरान दोनों युवक नाच रहे थे। इसी दौरान धक्का लगने की बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद बाद में बढ़ते-बढ़ते श्रीराम मंदिर के सामने तक पहुंच गया। यहां दोनों के बीच झगड़ा होने लगा। आरोप है कि इसी दौरान दक्ष ने धारदार हथियार निकाल लिया और योगेश के सिर तथा गले पर वार कर दिया।
अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। योगेश के घायल होने की जानकारी मिलने पर उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों को आते देख आरोपी दक्ष वहां से फरार हो गया।
घटना के बाद घायल योगेश को परिजन उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांढुर्ना लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। सिर और गले में चोट होने के कारण उसकी हालत गंभीर बताई गई। बेहतर और सघन उपचार के लिए चिकित्सकों ने योगेश को नागपुर रेफर कर दिया।
मामले में एसआई प्रकाश रघुवंशी ने बताया कि दोनों युवकों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई है। पुलिस घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और हमले में इस्तेमाल हथियार के संबंध में क्या तथ्य सामने आते हैं।
आयोजन के दौरान हुई इस घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित