चंडीगढ़ , अप्रैल 18 -- हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) पंचकूलाके ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। आयोग के सदस्य भूपेंद्र चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षण प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे शुरू होगा। प्रारंभ में लगभग 700 उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा, जिसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 1,500 से 2,000 और आवश्यकता पड़ने पर 3,000 उम्मीदवार प्रतिदिन तक किया जा सकता है। पूरी प्रक्रिया को 60 से 80 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्टेडियम में उम्मीदवारों और उनके परिजनों के लिए प्रतीक्षा और विश्राम क्षेत्र के साथ-साथ सामान रखने की सुविधा भी उपलब्ध करायी गयी है। प्रवेश के दौरान सघन जांच, दस्तावेजों का सत्यापन और बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण किया जाएगा। इसके बाद उम्मीदवारों को क्रम संख्या देकर मुख्य हॉल में भेजा जाएगा, जहां दोबारा बायोमेट्रिक जांच के बाद माप प्रक्रिया शुरू होगी।
मुख्य हॉल में ऊंचाई और छाती मापने के लिए 21 आधुनिक डिजिटल मशीनें लगायी गयी हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सटीक बनी रहे। यदि कोई उम्मीदवार अपने माप से संतुष्ट नहीं होता है, तो उसे तुरंत अपील कर पुनः माप करवाने की सुविधा दी जाएगी। सिख उम्मीदवारों के लिए विशेष प्रावधान किये गये हैं, जिनके तहत उनके धार्मिक मानदंडों के अनुसार माप लिया जाएगा।
उम्मीदवारों की सुविधा के लिए जीरकपुर से सुबह पांच बजे से विशेष बस सेवा भी चलाई जाएगी। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षण से पहले किसी भी प्रकार के एनर्जी बूस्टर या दवाओं का सेवन न करें, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। गर्भवती महिलाओं और अन्य महिला उम्मीदवारों के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। आयोग ने आश्वासन दिया है कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और उम्मीदवार-हितैषी तरीके से संपन्न होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित