लॉस एंजिल्स , अक्टूबर 05 -- अमेरिकी संघीय अधिकारियों ने ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते के बेटे तथा उनके परिवार की निगरानी करने के आरोप में कैलिफोर्निया की 34 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है।
संघीय शिकायत के अनुसार, वानयिंग "हीदर" झांग ने सितंबर 2025 में एक सहयोगी के साथ सिएटल की यात्रा की थी और ताइवान के एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के करीबी रिश्तेदार की निगरानी की थी। बाद में एफबीआई ने स्पष्ट किया कि वह रिश्तेदार राष्ट्रपति लाई का बेटा था।
झांग को लॉस एंजिल्स अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह शंघाई जाने वाली उड़ान में सवार होने वाली थी। उस पर किसी विदेशी सरकार के अपंजीकृत एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया गया है। उसे सोमवार को लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में प्रारंभिक सुनवाई के लिए पेश किया जाना है।
कानून प्रवर्तन सूत्रों ने कथित लक्ष्य की पहचान लाई टिंग-यू के रूप में की है। शिकायत के अनुसार, चीनी अधिकारियों ने झांग को उनके बारे में जानकारी जुटाने और उनके तथा उनके घर और वाहनों की तस्वीरें लेने का निर्देश दिया था।
एफबीआई के विशेष एजेंट केविन होल्ट ने कहा कि झांग और शिकायत में "व्यक्ति-1" के रूप में पहचाने गये एक अन्य व्यक्ति ने एक सितंबर 2025 को लास वेगास से सिएटल की उड़ान ली और रिश्तेदार के घर पहुंचे।
शिकायत के अनुसार, पड़ोसी के सुरक्षा कैमरे की फुटेज में दोनों एक किराये की काली एसयूवी में घर के बाहर इंतजार करते दिखाई दिये। परिवार के वहां पहुंचने पर झांग और उसके सहयोगी ने कथित तौर पर अपने फोन निकाले और उनकी तस्वीरें या वीडियो बनाये।
शिकायत में कहा गया है कि ताइवान के वरिष्ठ अधिकारी के रिश्तेदारों से जुड़ी जानकारी संभावित रूप से चीन सरकार के लिए संघर्ष की स्थिति में ताइवान के राष्ट्रपति पर दबाव बनाने के साधन के रूप में उपयोगी हो सकती है।
केंद्रीय कैलिफोर्निया जिले के प्रथम सहायक अमेरिकी अटॉर्नी बिल एस्ली ने कहा कि झांग ने एक सहयोगी के साथ यात्रा का समन्वय किया और अपनी गतिविधियों का पता चलने से बचने के उपाय किये। उन्होंने कहा कि झांग ने अमेरिकी अटॉर्नी जनरल को यह सूचित नहीं किया कि वह किसी विदेशी सरकार की ओर से काम कर रही थी, जो संघीय कानून के तहत अपराध है।
श्री होल्ट ने शिकायत में कहा कि झांग कम से कम दो ऐसे लोगों के संपर्क में थी, जिनके बारे में वह जानती थी कि वे चीन की सरकार के लिए काम करते हैं।
शिकायत के अनुसार, जून 2025 में बीजिंग स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ इंटरनेशनल रिलेशंस के एक पूर्व सहपाठी ने झांग की एक चीनी अधिकारी से मुलाकात करायी थी। होल्ट के अनुसार, इस विश्वविद्यालय के चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय के साथ करीबी संबंध हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उसी महीने चीन के चांग्शा की यात्रा के दौरान झांग ने एक निजी कमरे में अधिकारी से मुलाकात की, जहां उसे निगरानी का काम सौंपा गया। इसके बाद उसने कथित तौर पर अधिकारी को संदेश भेजकर कहा, "मैं इस काम को संभाल सकती हूं।"झांग जेसी पैसिफिक कैपिटल इंक की लाइसेंस प्राप्त कैलिफोर्निया रियल एस्टेट एजेंट है। उसकी जिलो प्रोफाइल के अनुसार, लॉस एंजिल्स और आसपास के काउंटियों में उसके नाम 130 बिक्री और संपत्ति सूचीबद्ध करने के मामले दर्ज हैं।
ताइवान के राष्ट्रपति कार्यालय ने कथित गतिविधि की निंदा की है। प्रवक्ता कैरेन कुओ ने इसे "सीमापार दमन का एक पारंपरिक उदाहरण" बताया।
चीन ताइवान को अपने क्षेत्र का हिस्सा मानता है और जरूरत पड़ने पर बलपूर्वक उसे अपने नियंत्रण में लाने की बात कहता रहा है। करीब 2.4 करोड़ आबादी वाला ताइवान स्वशासित लोकतंत्र है।
राष्ट्रपति लाई द्वारा ताइवान की संप्रभुता की वकालत किये जाने के कारण चीन की ओर से उनकी लगातार आलोचना होती रही है। चीनी अधिकारियों और सरकारी मीडिया ने उन्हें अलगाववादी बताया है और उनके संवाद के आह्वान को खारिज किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित