पौड़ी , जून 02 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर मंगलवार को रिखणीखाल में आयोजित तहसील दिवस में क्षेत्रवासियों की विभिन्न समस्याएं सुनी गईं। उपजिलाधिकारी लैंसडाउन शालिनी मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कुल 22 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया।

तहसील दिवस में विद्युत, पेयजल, लोक निर्माण विभाग तथा पीएमजीएसवाई से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। उपजिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल संकट है, वहां आवश्यकतानुसार टैंकरों से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा पेयजल योजनाओं के मरम्मत और अनुरक्षण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।

विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतों पर उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को फॉल्ट की समस्याओं का तत्काल समाधान करने तथा बिजली लाइनों से सटे पेड़ों की लॉपिंग कर निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। सुश्री मौर्य ने कहा कि तहसील दिवस प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिससे स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान संभव हो पाता है। उन्होंने अधिकारियों को छोटी एवं सामान्य शिकायतों का मौके पर निस्तारण करने तथा शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

तहसील दिवस के दौरान विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इस अवसर पर तहसीलदार विद्यानंद सेमवाल, एडीओ पंचायत सुनील कोटनाला, जेई पेयजल अनु गैरोला, जेई जल संस्थान शनि कुमार, खाद्य पूर्ति निरीक्षक प्रियंका बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित