देहरादून , जून 19 -- उत्तराखंड पुलिस के सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने हरिद्वार जिला अन्तर्गत रुड़की तहसील के तहसीलदार के पेशकार को एक शिकायतकर्ता से 4500 रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मचारी प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) की ओर से संविदा पर यहां कार्यरत है।

विजिलेंस प्रवक्ता ने बताया कि एक शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नम्बर 1064 पर शिकायत की गयी कि पीआरडी कर्मी संदीप जो कार्यालय तहसीलदार, रुड़की के पेशकार का कार्य देख रहा है, शिकायतकर्ता से उनकी बहन की भूमि के दाखिल खारिज को रजिस्टर में चढ़वाने के एवज में 4500 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा लगाये आरोप प्रथम दृष्टया सही पाये जाने पर थाना विजिलेंस में मामला दर्ज किया तथा एक ट्रैप टीम का गठन किया गया। जिसने शुक्रवार को संदीप कुमार पुत्र बीरबल निवासी थिथोला थाना मंगलौर, हरिद्वार, पीआरडी कर्मी हाल कार्यालय तहसीलदार रूडकी को रिश्वत की मांग करने और रिश्वत की धनराशि को प्राप्त कर अज्ञात व्यक्ति को देकर भगा कर साक्ष्य नष्ट करने के अपराध में तहसीलदार कार्यालय रुड़की से गिरफ्तार किया है।

बताया जाता है कि उक्त कर्मी ने रिश्वत लेते समय ट्रैप टीम के पकड़ते ही रकम को किसी अन्य के हाथ में देकर भगा दिया जिससे रिश्वत की राशि में मात्र बीस रुपए उसके हाथ में रह गए। इसलिए आरोपी पर रिश्वत की राशि किसी अन्य को देने का भी मामला दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित