जयपुर , अप्रैल 14 -- राजस्थान में झालावाड़ पुलिस ने फरार इनामी तस्कर बबलू तंवर और उसके सहयोगियों द्वारा नशे के कारोबार से अर्जित की गई साढ़े पांच करोड़ रुपए से अधिक की चल-अचल संपत्तियों को स्थाई रूप से फ्रीज कर दिया है।

झालावाड़ा पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में झालावाड़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए 'ऑपरेशन दिव्य प्रहार 2.0' अभियान के तहत पुलिस ने फरार इनामी तस्कर बबलू तंवर और उसके सहयोगियों द्वारा नशे के कारोबार से अर्जित की गई 5 करोड़ 59 लाख 7 हजार 389 रुपये की चल-अचल संपत्तियों को स्थाई रूप से फ्रीज कर दिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भाग चन्द्र मीना ने बताया कि तस्कर बबलू तंवर निवासी पालखंदा थाना घाटोली लंबे समय से स्मैक तस्करी के अवैध कारोबार में लिप्त था। उसने तस्करी से प्राप्त अवैध आय के माध्यम से अपने और अपने सहयोगियों के नाम पर अकूत संपत्ति जुटाई थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि तस्कर ने आलीशान मकान, व्यापक कृषि भूमि और लग्जरी वाहनों का बेड़ा तैयार किया था। झालावाड़ पुलिस की एमओबी शाखा ने इन संपत्तियों का गोपनीय डेटाबेस तैयार किया, जिसके बाद घाटोली थाना पुलिस ने फ्रीजिंग की कार्यवाही को अंजाम दिया।

राजस्व विभाग और सार्वजनिक निर्माण विभाग के समन्वय से की गई इस कार्यवाही में करीब 2.03 करोड़ रुपये मूल्य के 05 मकान, 3.01 करोड़ रुपये बाजार मूल्य की 08 विभिन्न कृषि भूमियां और 54.06 लाख रुपये मूल्य के दुपहिया, चौपहिया और जेसीबी सहित कुल 04 वाहन फ्रीज किया गया है। फ्रीज की गई इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब पांच करोड़ 59 लाख सात हजार 389 रुपए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित