भीलवाड़ा , अप्रैल 25 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक तस्कर की करीब 50 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर आरोपी लाभचन्द उर्फ लाभू (39) निवासी उमर (चित्तौड़गढ़) की वित्तीय जांच की। जांच में पाया गया कि आरोपी ने तस्करी के पैसों से पैतृक गांव में जमीन और एक ट्रैक्टर खरीदा था, जिनकी वर्तमान बाजार कीमत 50 लाख रुपये है।
पुलिस ने बताया कि इन संपत्तियों को चिन्हित करके फ्रीज करने की फाइल सक्षम प्राधिकरण नई दिल्ली को भेजी, जहाँ से आरोपी को नोटिस जारी हो चुका है। आरोपी शातिर तस्कर है। उसके खिलाफ आसीन्द थाने में 22 क्विंटल से अधिक डोडा चूरा और श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर थाने में 22 किलो से ज्यादा अफीम तस्करी के मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, पैतृक संपत्ति को छोड़कर अवैध कमाई से अर्जित हर संपत्ति पर इसी तरह जब्ती की कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित