चेन्नई , मार्च 07 -- अभिनेता-राजनेता विजय की पत्नी संगीता सोरनालिंगम ने तलाक की याचिका दाखिल करने के बाद शनिवार को चेंगलपट्टू कुटुम्ब न्यायालय में नया आवेदन दाखिल कर आर्थिक सहायता और रहने की व्यवस्था की मांग की है।
यह याचिका उनके तलाक मामले का हिस्सा है, जिसमें उन्होंने 25 अगस्त 1999 को हुए विवाह को विशेष विवाह अधिनियम, 1954 की धारा 27 (1) (अ) (ब) (द) के तहत समाप्त करने की मांग की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि विजय का एक अभिनेत्री के साथ विवाहेतर संबंध है। श्रीमती संगीता ने अदालत से अनुरोध किया है कि उन्हें विजय की आय और सामाजिक स्थिति के अनुरूप उचित स्थायी भरण-पोषण (एलिमनी) दिया जाए।
बताया गया है कि यह तलाक याचिका 3 दिसंबर 2025 को दायर की गई थी, जो करीब एक सप्ताह पहले मीडिया में लीक हो गई। इससे विजय को ऐसे समय झटका लगा है जब वह अपनी राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेत्त्री कषगम (टीवीके) के साथ आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में व्यस्त हैं। वहीं विजय की आखिरी फिल्म जन नायकन सेंसर विवाद में फंसी हुई है और वह अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत के साथ आगामी चुनावों की तैयारी कर रहे हैं।
श्रीमती संगीता ने यह भी कहा कि उनके पास फिलहाल कोई स्वतंत्र आवास नहीं है और वे "बेघर" स्थिति में हैं। इसलिए अदालत से अनुरोध किया गया है कि या तो उन्हें वैवाहिक घर में रहने की अनुमति दी जाए या उसके बराबर कोई अन्य व्यवस्था की जाए, जब तक मामला लंबित है। उन्होंने याचिका में कहा कि विवाह के बाद शुरुआती वर्षों में कुछ समस्याएं थीं, लेकिन दोनों ने मिलकर उन्हें संभाल लिया था। अप्रैल 2021 में उन्हें विजय के कथित संबंध के बारे में पता चला, जिससे उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा।
उन्होंने आरोप लगाया कि विजय ने शुरुआत में संबंध खत्म करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में वह जारी रहा, जिससे उन्हें लंबे समय तक मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ी। उन्होंने यह भी कहा कि सितंबर 2021 से फरवरी 2022 के बीच समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन बच्चों की पढ़ाई और भावनात्मक स्थिति को देखते हुए मामला टाल दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित