मोगा , जून 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने गुरुवार को पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों द्वारा मारे गये 25 राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) स्वयंसेवकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी शहादत को राष्ट्र और पंजाबियत के लिए अमूल्य योगदान बताया।

मोगा में उस स्थान पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री चुघ ने कहा कि आरएसएस ने हमेशा पंजाब और पंजाबियत की भावना को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के कठिन दौर में भी स्वयंसेवकों ने साहस, सेवा और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को कायम रखा। उन्होंने कहा कि मोगा में 25 जून 1989 के कायराना आतंकवादी हमले में 25 स्वयंसेवकों की जान गयी और 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए, वह मानवता के खिलाफ एक जघन्य अपराध था।

श्री चुघ ने कहा कि सुबह के समय प्रार्थना कर रहे निहत्थे और निर्दोष लोगों पर गोलियां चलाना आतंकवाद की क्रूर मानसिकता को दर्शाता है। भाजपा नेता ने कहा कि आतंकवादियों की गोलियों और जान के खतरे के बावजूद स्वयंसेवकों ने कभी भी पंजाबियत और राष्ट्रभक्ति की भावना को कमजोर नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि इन शहीदों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने पंजाब में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के दौरान सामाजिक सौहार्द, शांति और भाईचारे को बनाये रखने में आरएसएस की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि संगठन के स्वयंसेवकों ने समाज को जोड़ने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को बनाये रखने में आरएसएस का योगदान और स्वयंसेवकों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा तथा देशभर में इसका सम्मान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित