अमृतसर , जून 14 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रो. सरचांद सिंह ख्याला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हाल ही में राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल श्री चुघ की लंबे समय की राजनीतिक सेवाओं, संगठनात्मक अनुभव और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण को सम्मान देगा, बल्कि देशहित में उनकी क्षमताओं का बेहतर उपयोग करने का अवसर भी प्रदान करेगा।

प्रो. ख्याला ने रविवार को कहा कि पंजाब से गहरा नाता रखने वाले श्री चुघ ने एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में अपना राजनीतिक सफर शुरू किया और आज भाजपा के शीर्ष नेतृत्व में महत्वपूर्ण स्थान हासिल किया है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महासचिव चुघ ने पंजाब में हिंदू-सिख भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और साझा विरासत को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया है। विभिन्न धार्मिक और सामाजिक वर्गों के बीच संवाद स्थापित कर उन्होंने सामाजिक एकता और आपसी विश्वास को बढ़ावा दिया है।

प्रो. ख्याला ने कहा कि श्री चुघ पंजाब के सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक मुद्दों की गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने सीमावर्ती जिलों के विकास, व्यापारिक संभावनाओं के विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने से जुड़े मुद्दों को लगातार प्रमुखता से उठाया है। उनका मानना है कि पंजाब जैसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीमावर्ती राज्य को केंद्रीय मंत्रिमंडल में प्रभावशाली प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए और तरुण चुघ इसके लिए एक सक्षम और अनुभवी चेहरा हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में भाजपा प्रभारी के रूप में तरुण चुघ की भूमिका की भी सराहना की। प्रो. ख्याला ने कहा कि उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संगठन को मजबूत करने, विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित करने और केंद्र सरकार की विकास योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रीय एकता, आंतरिक सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर तरुण चुघ की समझ और अनुभव उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल के लिए उपयुक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभवी नेता की मौजूदगी देश के रणनीतिक और राष्ट्रीय हितों को और मजबूत कर सकती है।

प्रो. ख्याला ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में तरुण चुघ ने संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए पार्टी के जनाधार को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा नेतृत्व तरुण चुघ की सेवाओं और अनुभव को देखते हुए उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने पर सकारात्मक विचार करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित