नैनीताल , अप्रैल 16 -- उत्तराखंड में नैनीताल के तराई-पश्चिम वन प्रभाग के तहत फतेहपुर वन रेंज में गुरुवार को 3-4 महीने के बाघ के शावक का शव बरामद हुआ है। आशंका है कि बाघ या तेंदुए के हमले में उसकी मौत हुई है।
फतेहपुर के रेंजर प्रदीप असगोला के अनुसार कुछ ग्रामीणों ने फतेहपुर वन रेंज में पनयाली गांव से सटे सीता-राम मंदिर के पास बाघ के शावक का शव देखा।
उन्होंने तत्काल वन कर्मियों को इसकी सूचना दी। रेंजर मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव को रेंज कार्यालय लाया गया और पशु चिकित्सा कर्मचारियों ने उसका पोस्टमॉर्टम किया। इसके बाद शव को विधिवत रूप से नष्ट कर दिया गया।
आशंका जताई जा रही है कि मृतक शावक अपनी मां (बाघिन) से बिछड़ गया हो और किसी बाघ या तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया हो। ग्रामीणों को जंगल में न जाने की हिदायत दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित