चंडीगढ़ , अक्टूबर 29 -- पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौरने बृहस्पतिवार को कहा कि तरनतारन में करीब 5.94 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा अंबेडकर भवन निर्माण के अंतिम चरण में है।
भवन का लगभग 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि करीब एक एकड़ क्षेत्र में बन रहे इस तीन मंजिला भवन का कुल आच्छादित क्षेत्र लगभग 23,120 वर्ग फुट है। इसमें कौशल विकास एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण, पुस्तकालय, सम्मेलन और सामाजिक गतिविधियों के लिए विभिन्न सुविधाएं विकसित की गई हैं।
उनके अनुसार, भवन के भूतल पर व्यावसायिक प्रशिक्षण कक्ष, शिक्षक कक्ष, जिला एवं तहसील सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारियों के कार्यालय और बहुउद्देशीय हॉल बनाया गया है। पहली मंजिल पर सम्मेलन कक्ष, कार्यालय, कर्मचारी कक्ष, रसोईघर और भंडार कक्ष हैं। दूसरी मंजिल पर पुस्तकालय, अभिलेख कक्ष, अतिथि कक्ष और अधिकारियों के कार्यालय की व्यवस्था की गई है।
डॉ. कौर ने कहा कि भवन के जनता को समर्पित होने के बाद यह प्रशिक्षण, कौशल विकास, संगोष्ठियों, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों, पुस्तक अध्ययन और सामुदायिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा और संवैधानिक मूल्यों के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा। इससे सामाजिक जागरूकता, एकता और समावेशी विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार वंचित वर्गों के सशक्तीकरण और सामाजिक समानता को मजबूत करने के लिए बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित