चंडीगढ़ , अक्टूबर 15 -- पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने हरियाणा एसटीएफ के साथ संयुक्त अभियान में तरनतारन जिले के नौशेरा पन्नुआं में सितंबर 2026 में हुए अजीत सिंह हत्याकांड के आरोपी गुरलाल सिंह को हरियाणा के नूंह जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि आरोपी को विशेष खुफिया सूचना के आधार पर समन्वित कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया। इस मामले में इससे पहले एजीटीएफ ने तरनतारन पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में एक अन्य आरोपी सजनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या कथित तौर पर विदेश में रह रहे भगोड़े गैंगस्टर प्रभ दासूवाल और डोनी बल के इशारे पर की गई थी। वारदात के पीछे गैंगों के बीच आपसी रंजिश होने की आशंका है।
पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया गया है। हत्या की साजिश और इसके आगे-पीछे के संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित