चंडीगढ़ , अक्टूबर 27 -- आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक हरमीत सिंह संधू ने पंजाब विधानसभा में गिरोहवाद का मुद्दा उठाते हुए शिरोमणि अकाली दल पर अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने तरनतारन उपचुनाव में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति के परिवार को राजनीतिक जिम्मेदारी सौंपने पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की।

श्री संधू ने मंगलवार को सदन में एक आधिकारिक दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि यह किसी समाचार पत्र की कटिंग नहीं, बल्कि एक गंभीर अपराधी के खिलाफ जारी रेड कॉर्नर नोटिस है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति पंजाब में हिंसा, नशा तस्करी और अवैध हथियारों की आपूर्ति में शामिल रहा है।

आप विधायक ने आरोप लगाया कि अकाली दल ने तरनतारन उपचुनाव में ऐसे आपराधिक पृष्ठभूमि वाले परिवार को टिकट दिया और रेड कॉर्नर नोटिस का सामना कर रहे व्यक्ति की पत्नी को विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया। उनके अनुसार, ऐसे मामलों में राजनीतिक संरक्षण की भूमिका की जांच जरूरी है।

श्री संधू ने विधानसभा अध्यक्ष से तरनतारन उपचुनाव में कथित तौर पर नशे के धन के इस्तेमाल की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरपंचों की हत्या के मामलों में भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। श्री संधू के मुताबिक, मृतक सरपंचों के परिजनों ने उनसे मुलाकात की थी और उन्होंने आरोप लगाया कि हत्याओं की साजिश विदेश से रची गई थी। उन्होंने इस पहलू की जांच के लिए भी एसआईटी या विशेष अधिकारी नियुक्त करने की अपील की।

श्री संधू ने कहा कि गैंगस्टरवाद पर समय रहते अंकुश लगाना जरूरी है। उन्होंने आगाह किया कि यदि अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता रहा, तो इससे प्रशासनिक व्यवस्था और पंजाब के भविष्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित