नयी दिल्ली , मार्च 11 -- पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को 'लोक निवास' में आयोजित एक आधिकारिक समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने उन्हें शपथ दिलाई।

इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, कैबिनेट के सदस्य, मुख्य सचिव और अमृतसर से आए उनके समर्थक मौजूद रहे। श्री संधू ने श्री विनय कुमार सक्सेना का स्थान लिया है, जिन्हें केंद्र सरकार ने अब लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया है।

शपथ ग्रहण समारोह से पहले श्री संधू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। श्री संधू ने इस मुलाकात को सुखद बताया और कहा कि गृह मंत्री के साथ सार्वजनिक सेवा, प्रशासन और आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

गौरतलब है कि 1988 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी के रूप में श्री संधू ने फरवरी 2020 से जनवरी 2024 तक अमेरिका में भारत के 28वें राजदूत के रूप में कार्य किया, जहाँ उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त, फ्रैंकफर्ट में महावाणिज्य दूत और कीव (यूक्रेन) में भारतीय दूतावास की स्थापना जैसे कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित