तरनतारन , फरवरी 18 -- पंजाब में जिला तरनतारन के सेरों गांव स्थित सिद्धू फार्म में बुधवार को बाइक सवार शूटरों ने विवाह समारोह के दौरान गांव ठठियां महंतां के आम आदमी पार्टी से संबंधित सरपंच हरबिंदर सिंह उर्फ हैपी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हमले में उनका एक चचेरा भाई भीघायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर-राजस्थान नेशनल हाईवे पर स्थित गांव ठठियां महंतां निवासी किसान सेवा सिंह के पुत्र गुरसेवक सिंह का विवाह समारोह सिद्धू फार्म में आयोजित किया गया था। आनंद कारज की रस्म के बाद मेहमान डीजे पर भांगड़ा डाल रहे थे और माहौल पूरी तरह जश्न में डूबा हुआ था। इसी दौरान अमृतधारी सरपंच हरबिंदर सिंह अपने रिश्तेदारों के साथ बैठकर खाना खा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक बाइक सवार दो युवक पैलेस के बाहर पहुंचे। कुछ ही क्षणों में उन्होंने पीछे से सरपंच हैपी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही समारोह में अफरातफरी मच गयी। हमले में उनका चचेरा भाई भी घायल हो गया। दोनों को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हरबिंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपअधीक्षक जगबीर सिंह, कमलजीत सिंह औलख और सीआईए स्टाफ के प्रभारी प्रभजीत सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पैलेस को घेरकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात गैंगस्टर गतिविधियों या संभावित रंगदारी से जुड़ी हो सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच की जा रही है। भरे समारोह में इस तरह की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गयीं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित