अंबिकापुर , अक्टूबर 01 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत अलकापुरी जंगल से लगे खेत में फसल की सुरक्षा के लिए लगाए गए तरंगित झटका तार की चपेट में आने से बुधवार रात एक हाथी के बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद हाथियों का दल रातभर घटनास्थल के आसपास मौजूद रहा और चिंघाड़ता रहा, जिससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा।

वन विभाग से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार अलकापुरी क्षेत्र के जंगलों में पिछले कई दिनों से करीब 27 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों से फसल की सुरक्षा के लिए किसानों ने खेतों के चारों ओर एक किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में तरंगित झटका तार लगाया है।

बताया गया कि कल रात करीब 10 बजे हाथियों का दल जंगल से लगे खेतों की ओर पहुंचा। इसी दौरान हाथी का एक बच्चा तरंगित झटका तार के संपर्क में आ गया। तार उसके सूंड और पैर में फंस गया और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शावक की मौत के बाद हाथियों का दल घटनास्थल के आसपास ही डटा रहा। स्थानीय लोगों के मुताबिक हाथी रातभर बेचैन होकर चिंघाड़ते रहे। हाथियों की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग सहमे रहे।

घटना की सूचना मिलने के बाद आज सुबह वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि जिस खेत के आसपास झटका तार लगाया गया है, वह झिरमिटी सरपंच चंदन एक्का और उनके परिवार के लोगों की भूमि है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित