चेन्नई , अगस्त 05 -- तमिलनाडु के वित्त मंत्री एन मैरी विल्सन ने बुधवार को 'सुपर क्लीन सुपर कैंपस' योजना शुरू करने, तेजी से बदलते वैश्वीकृत तकनीकी युग के अनुरूप स्कूली शिक्षा पाठ्यक्रम में संशोधन करने और सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के 5.32 लाख प्लस-1 (11वीं कक्षा) के छात्रों को आधुनिक साइकिलें देने की घोषणा की।

राज्य विधानसभा में तमिझगा वेट्री कषगम (टीवीके) सरकार का पहला बजट पेश करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा ही मनुष्य की बेहतरीन और न समाप्त होने वाली संपत्ति है। उन्होंने जोर दिया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और छात्रों की भलाई के लिए विद्यालयों में स्वच्छ व सुरक्षित माहौल तैयार करना बेहद जरूरी है।

श्री विल्सन ने कहा कि वर्तमान में सरकारी विद्यालयों में 43 लाख से अधिक छात्र नामांकित हैं, जहां पेशेवर सफाई और सुरक्षा सेवाएं प्रदान करने के लिए कोई एकीकृत प्रणाली मौजूद नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके मद्देनजर सरकार 'सुपर क्लीन सुपर कैंपस' योजना लागू करने को तैयार है।

उन्होंने कहा, "इस योजना के तहत, हमारे सुपर सीएम के शासन में सुपर सेफ्टी, सुपर स्टूडेंट्स और सुपर कैंपस प्रदान करते हुए दैनिक सफाई गतिविधियों, पेयजल सुविधाओं और शौचालयों के रख-रखाव और विद्यालय परिसरों के लिए 24 घंटे की सुरक्षा सुनिश्चित की जायेगी। यह योजना पहले चरण में 10,000 विद्यालयों में लागू की जायेगी, जिसके लिए 2026-27 के संशोधित बजट अनुमानों में 139 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।"उन्होंने यह भी कहा कि पूरे तमिलनाडु में सरकारी विद्यालयों के आधुनिकीकरण और अनुशंसित मानदंडों के आधार पर आवश्यक बुनियादी ढांचा सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से 'पल्ली निरईवु थिट्टम' की शुरुआत की जायेगी, जिसके तहत 2,514 प्राथमिक विदयालयों, 365 माध्यमिक विदयालयों एवं 855 उच्च तथा उच्च माध्यमिक विदयालयों सहित कुल 3,734 विदयालयों को कवर किया जायेगा, जिसकी अनुमानित लागत 2,132 करोड़ रुपये है और इस वर्ष के बजट में इसके लिए 300 करोड़ रुपये आवंटित किये गये थे।

वित्त मंत्री ने कहा कि तेजी से बदलते वैश्वीकृत तकनीकी युग में यह आवश्यक है कि विद्यालयी शिक्षा के पाठ्यक्रम की पुनर्कल्पना अनुभवजन्य, जिज्ञासा-आधारित, समग्र, भविष्यवादी और योग्यता-संचालित रूप में की जाये। बच्चों को भविष्य के लिए तैयार करने के लिए गतिशील और प्रगतिशील पाठ्यक्रम जरूरी है, जो विश्लेषणात्मक सोच, रचनात्मकता, वित्तीय साक्षरता, लैंगिक समानता, पर्यावरणीय जागरूकता, डिजिटल दक्षता, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और वैश्विक नागरिकता पर केंद्रित हो। उन्होंने तमिलनाडु को सीखने के परिणामों में अग्रणी बनाने के लिए विदयालयी शिक्षा पाठ्यक्रम में संशोधन के लिए 25 करोड़ रुपये के आवंटन की घोषणा की।

श्री विल्सन ने कहा कि चालू शैक्षणिक वर्ष में सरकारी और सरकार की ओर से सहायता प्राप्त विद्यालयों में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले लगभग 5.32 लाख जेन-जी छात्रों को हेलमेट और पानी की बोतलों से लैस आधुनिक ब्रांडेड साइकिलें प्रदान की जायेंगी। इस योजना के लिए 277 करोड़ रुपये की अनुमानित राशि आवंटित की गयी है। जेन-जी के पसंदीदा मुख्यमंत्री विजय उन्हें एक बेहतरीन पीढ़ी के रूप में पोषित करने के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध हैं और यह योजना उनके दृष्टिकोण और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित