चेन्नई , जून 15 -- तमिलनाडु सरकार ने सोमवार को राज्य की महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में 'मदिप्पुमिगु मगलिर तित्तम' योजना के तहत जून माह की एक हजार रुपये की सहायता राशि जमा कर दी।
रिपोर्टों के अनुसार, राज्य की करीब 1.31 करोड़ महिलाओं को इस माह की सहायता राशि जारी की गयी है। 10 मई को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के पद संभालने के बाद यह दूसरी किस्त है। महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने वाली यह योजना सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं में शामिल है।
विधानसभा चुनाव के दौरान विजय ने सत्ता में आने पर महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन यह योजना अभी शुरू नहीं की गयी है। सरकारी सूत्रों का कहना है कि चुनावी घोषणापत्र में किये गये सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा और बढ़ी हुई मासिक सहायता योजना भी जल्द लागू की जाएगी।
पूर्ववर्ती द्रमुक सरकार के दौरान यह योजना 'कलैग्नर मगलिर उरिमई थोगई' के नाम से संचालित की जाती थी और हर महीने की 15 तारीख को सहायता राशि लाभार्थियों के खातों में जमा की जाती थी। वर्तमान सरकार ने भी इस व्यवस्था को जारी रखा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित