चेन्नई , जुलाई 28 -- तमिलनाडु परिवहन विभाग ने सभी यात्रियों के लिए आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य संचालित बसों में मोबाइल फोन और ऑडियो उपकरणों के उपयोग को नियंत्रित करने वाले नये दिशानिर्देश जारी किये हैं।

दिशानिर्देश के अनुसार, यात्रियों को मोबाइल फोन का उपयोग इस तरह से करना होगा कि सह-यात्रियों को कोई असुविधा न हो।

इस कदम का उद्देश्य तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम (टीएनएसटीसी) की सभी बसों में शांतिपूर्ण यात्रा का माहौल बनाना है।

नियमों के अनुसार, मोटर वाहन (चालन) नियमावली, 2017 के अनुरूप चालकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि बसों के भीतर तेज संगीत न बजाया जाये।

इसके अलावा, तमिलनाडु मोटर वाहन नियम, 1989 के तहत, सह-यात्रियों को परेशान करने वाली कोई भी गतिविधि - जैसे फोन पर जोर से बोलना, स्पीकर मोड का उपयोग करना या इयरफोन के बिना संगीत और वीडियो बजाना - अनुचित मानी जायेगी।

दूसरों को परेशानी से बचाने के लिए यात्रियों को ऑडियो सुनते या वीडियो देखते समय ब्लूटूथ उपकरणों सहित इयरफोन या हेडफोन का उपयोग करने की सलाह दी गयी है।

परिवहन सचिव निर्मल राज ने भी सभी परिवहन निगमों को यात्रियों के बीच जागरूकता पैदा करने और दिशानिर्देशों को तुरंत लागू करने का निर्देश दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित