चेन्नई , फरवरी 27 -- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव इस तरह से कराए जाएंगे जो दुनिया के लिए एक मिसाल बनेंगे।
श्री कुमार ने राज्य चुनाव अधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने और मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों की राय जानने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और तमिलनाडु के चुनाव देश की चुनाव प्रणाली की मजबूती, पारदर्शिता और दक्षता को दिखाएंगे।उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में अभी 5.67 करोड़ पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 2.87 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि कुल मतदाताओं में से लगभग एक करोड़ युवा मतदाता है जिनकी उम्र 22 से 29 साल के बीच थी, इसके अलावा लगभग 12.5 लाख पहली बार मतदाता बने हैं और ये 18 से 19 वर्ष के थे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी राज्य में लोकतंत्र की जीवंतता को दिखाती है और जो मतदाता सूची में शामिल होना चाहते हैं या दूसरी जगहों पर चले जाने के कारण अपना नाम हटवाना चाहते हैं, वे अभी भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मतदान को आसान, स्वतंत्र और निष्पक्ष सुनिश्चित करने के लिए पूरे तमिलनाडु में 75,000 से ज़्यादा बूथ बनाए जाएंगे। चुनाव आयोग बुजुर्गों और विकलांग लोगों के लिए पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाएगा, जिसमें मतदान बूथों पर रैंप लगाना भी शामिल है। ये केन्द्र जनता के लिए सभी बुनियादी सुविधाओं से लैस होंगे। उन्होंने कहा कि सभी बूथ कड़ी सुरक्षा में रहेंगे।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की तस्वीरें इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में दिखाई जाएंगी ताकि मतदाता उम्मीदवारों को साफ तौर पर पहचान सकें और पारदर्शिता के लिए मतदान प्रतिशत डेटा हर दो घंटे में अपडेट किया जाएगा। श्री कुमार ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया में स्पष्टता एवं दक्षता सुनिश्चत करने के लिए पोस्टल बैलेट दो चरणों में गिने जाएंगे। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में शामिल राज्य सरकार के अधिकारियों की तारीफ की और कहा कि अद्यतन मतदाता सूची से निष्पक्ष भागीदारी पक्की होगी।
श्री ज्ञानेश कुमार ने चुनावों को ''लोकतंत्र का त्योहार'' बताते हुए लोगों से बिना डरे वोट देने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में मदद करने की अपील की।
उन्होंने भरोसा जताया कि तमिलनाडु का चुनाव प्रबंध अपने आयोजन , निष्पक्षता और शांतिपूर्वकता के लिए दुनिया भर में अलग दिखेगा।
उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में तैयारियों की समीक्षा करने के बाद चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ गुरुवार को यहां तमिलनाडु की चुनावी तैयारियों की विस्तृत एवं व्यापक समीक्षा की।
आयोग ने समीक्षा के दौरान आम आदमी पार्टी(आप) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) , भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) , मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), कांग्रेस, नेशनल पीपुल्स पार्टी, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, नाम तमिलर काची और विदुथलाई चिरुथैगल काची जैसे मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तर की राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बातचीत की और उनके सुझाव मांगे।
ज़्यादातर राजनीतिक दलों ने तमिलनाडु में एसआईआर के शांतिपूर्ण और आसान संचालन के लिए आयोग की तारीफ़ की और चुनावों के दौरान धन के इस्तेमाल और मुफ़्त चीज़ों के वितरण को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने का आग्रह किया । कुछ दलों ने चुनावों के दौरान गड़बड़ी को रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड की संख्या बढ़ाने के लिए कहा, साथ ही चुनावों की तारीखें तय करते समय आने वाले त्योहारों को ध्यान में रखने का आग्रह किया।
श्री ज्ञानेश कुमार ने राजनीतिक दलों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनके सुझावों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव हमेशा कानून के मुताबिक, स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होते हैं।
इसके बाद आयोग ने प्रवर्तन एजेंसियों के हेड/नोडल ऑफिसर, आईजी, डीआईजी , डीईओ, पुलिस अधीक्षक साथ चुनाव योजना , ईवीएम प्रबंध , मतदान सामग्री, चुनाव स्टाफ का प्रशिक्षण, ज़ब्ती, कानून-व्यवस्था, मतदाता जागरूकता और जानकारी गतिविधियों के हर पहलू पर विस्तृत में समीक्षा की।
आयोग ने प्रवर्तन एजेंसियों के सभी अधिकारियों को पूरी निष्पक्षता से काम करने और प्रलोभन से जुड़ी सभी गतिविधि पर सख्ती से रोक लगाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सभी डीईओ , एसपी को मतदान स्टेशनों पर मतदाताओं के आराम और पहुंच को प्राथमिकता देने, अधिकारियों को अच्छी ट्रेनिंग देने और चुनावी प्रक्रियाओं के बारे में बड़े पैमाने पर जागरूकता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित