चेन्नई , सितंबर 24 -- तमिलनाडु मानिला कांग्रेस (मूपनार) के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जी.के.वासन ने गुरुवार को घोषणा की कि उनकी पार्टी छह अक्टूबर को मदुरंतकम और धारापुरम सीटों पर होने वाले उपचुनाव में सत्तारुढ़ 'तमिलगा वेट्री कझगम' के नेतृत्व वाले गठबंधन का समर्थन करेगी।

श्री वासन ने विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले राजग का साथ छोड़ दिया था।

उन्होंने अपने बयान में कहा कि तमिलनाडु की जनता हालिया विधानसभा चुनाव में बदलाव लेकर आयी है और दावा किया कि नयी टीवीके सरकार पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि टीवीके अध्यक्ष और मुख्यमंत्री विजय ने अपनी सरकार की विभिन्न पहलों के माध्यम से लोगों में बहुत भरोसा जगाया है।

उन्होंने कहा कि टीवीके द्वारा कांग्रेस के दिवंगत दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज को अपना वैचारिक नेता मानने तथा सुशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता से एक समृद्ध तमिलनाडु की उम्मीद जगी है इसलिए टीएमसी (मूपनार) ने उपचुनावों में टीवीके के नेतृत्व वाले गठबंधन को समर्थन देने का फैसला किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित