चेन्नई , जुलाई 24 -- तमिलनाडु के पड़ोसी कांचीपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में आज सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पिता और उनके किशोर बेटे समेत छह लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

पहला हादसा शुक्रवार सुबह कांचीपुरम जिले में चेन्नई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर कीलाम्बी गांव के पास हुआ, जब एक निजी कंपनी के कर्मचारियों को ले जा रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघकर दूसरी तरफ चली गई और वेल्लोर जा रहे एक ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना तीन कर्मचारियों की मौत हो गई और दो घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के समय कार में चार कर्मचारी और चालक समेत पांच लोग चेन्नई में एक बैठक में शामिल होने जा रहे थे। मृतकों की पहचान होसुर स्थित एक कंपनी के कर्मचारियों श्री कलईसेल्वी के (39), श्री सेल्वगणपति (28) और चालक श्री मनोहर के रूप में हुई है।

दो अन्य कर्मचारियों श्री सी जयवेल नागराज (28) और श्री कामराज (30) को कांचीपुरम सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और अग्निशमन सेवा कर्मियों ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दूसरी दुर्घटना में, पुडुचेरी के पिता-पुत्र और परिवार के एक अन्य सदस्य की उस समय मौत हो गई, जब तड़के तिरुचि-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेंगलपट्टू जिले के मदुरंतकम के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी।

श्री गोपू (46), उनका किशोर बेटा दिनेश (15) और कार चला रहे उनके रिश्तेदार श्री इलांचेझियन (54) विदेश से आ रहे एक रिश्तेदार को लेने चेन्नई हवाई अड्डे जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित