चेन्नई , अगस्त 19 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को विधानसभा में 'मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना'के तहत बीमा कवर को पांच लाख से पांच गुना बढ़ाकर 25 लाख करने की घोषणा की।

विधानसभा में नियम 110 के तहत दिए एक बयान में मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि इस बढ़ी हुई बीमा राशि का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य का कोई भी निवासी पैसे की तंगी के कारण बेहतर इलाज से वंचित न रहे। स्वास्थ्य सेवा को विशेषाधिकार की जगह मौलिक अधिकार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आय या निवास स्थान के भेदभाव के बिना गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा देखभाल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने चेन्नई वासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए पेराम्बूर में 300 करोड़ रूपये की लागत से 400 बिस्तरों वाला विश्वस्तरीय सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाने का भी ऐलान किया। इसके अलावा डॉक्टरों और नर्सों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए 351 करोड़ रूपये की लागत से सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अतिरिक्त एमबीबीएस सीटें जोड़ी जाएंगी। इसके अलावा सात नए नर्सिंग कॉलेज स्थापित किए जाएंगे, जिनसे 660 नई बी.एससी नर्सिंग सीटें और मौजूदा कॉलेजों में 1,925 अतिरिक्त सीटें सृजित होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित