चेन्नई , मार्च 23 -- तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने सोमवार को सीट समझौते का ऐलान कर दिया। समझौते के तहत अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) 178 सीटों पर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 27 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

इसके अलावा पट्टाल्रि मक्कल काटची (पीएमके) 18 सीटों पर और अम्मा मक्कल मुनेत्रा कड़गम (एएमएमके)11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। राजग ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए कुल 234 सीटों पर समझौते को अंतिम रूप दे दिया।

इस संबंध में बैठक चेन्नई स्थित अन्नाद्रमुक के मुख्यालय में हुई। बैठक में अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन और पीएमके प्रमुख अंबुमणि रामदॉस समेत कई नेता मौजूद रहे।

बैठक के बाद श्री पलानीस्वामी ने बताया कि गठबंधन के भीतर बातचीत सहज रही और सीटों का बंटवारा अंतिम रूप से तय कर लिया गया है। हालांकि अन्य सहयोगी दलों के साथ बातचीत अभी जारी है और उनके हिस्से की सीटों का ऐलान जल्द किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री श्री गोयल ने कहा कि राजग को तमिलनाडु और पुडुचेरी दोनो जगह सरकार बनाने का पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अब विकास, रोजगार और बेहतर शासन चाहती है। उन्होंने दावा किया कि राजग किसानों, मछुआरों, एमएसएमई क्षेत्र और युवाओं के लिए काम करने वाली सरकार देने का संकल्प लेकर चुनाव मैदान में उतर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश उनके मार्गदर्शन में आगे बढ़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित