बैतूल , मार्च 8 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के भीमपुर क्षेत्र के 24 आदिवासी श्रमिकों को तमिलनाडु के ईरोड जिले में कथित रूप से बंधक बनाकर रखे जाने के मामले में संयुक्त प्रयासों के बाद सुरक्षित मुक्त करा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार कोरकू और गोंड जनजाति के ये श्रमिक पिछले चार से पांच महीनों से ईरोड जिले में काम के बहाने ले जाए जाने के बाद कथित रूप से बंधक बनाकर रखे गए थे। श्रमिकों को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों, वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यकर्ताओं, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग और तमिलनाडु पुलिस के संयुक्त अभियान में मुक्त कराया गया।

बताया गया कि इस मामले की जानकारी सबसे पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक और वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यकर्ता प्रवीण डोल्के को मिली थी। उन्होंने मामले को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के सलाहकार और पूर्व जिला न्यायाधीश प्रकाश उइके से संपर्क किया। उइके ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कानूनी मार्गदर्शन दिया और सामाजिक कार्यकर्ता तथा अधिवक्ता प्रथम दुबे को मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी।

प्रथम दुबे ने पीड़ित श्रमिक बलू अल्लूराम की अंतिम मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान तमिलनाडु के ईरोड जिले के मोडाकुरिची क्षेत्र में ओलापलायम मायावर मंदिर के पास एक स्थान की पहचान की गई, जहां श्रमिकों के होने की आशंका जताई गई। इसी आधार पर रेस्क्यू अभियान को दिशा मिली।

छह मार्च को इस संबंध में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई। आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। आयोग के हस्तक्षेप और श्रमिकों की सटीक लोकेशन मिलने के बाद तमिलनाडु पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और करीब 12 घंटे के भीतर सभी 24 लोगों को सुरक्षित मुक्त करा लिया।

मिली जानकारी के अनुसार मुक्त कराए गए 24 लोगों में 13 नाबालिग लड़के-लड़कियां शामिल हैं, जिनकी उम्र 18 वर्ष से कम बताई जा रही है। इसके अलावा नौ महिलाएं भी इस समूह में शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इन श्रमिकों को उनके गृह जिला बैतूल वापस भेजने की व्यवस्था की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित