चेन्नई , जून 18 -- तमिलनाडु में विपक्षी अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ टीवीके सरकार पर कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के गठन के बाद बीते 38 दिनों में पॉक्सो अधिनियम के तहत 150 मामले तथा महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध के 126 मामले दर्ज किये गये हैं।

श्री पलानीस्वामी ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अन्नाद्रमुक को सरकार से नयी घोषणाओं और नीतिगत पहल की उम्मीद थी, लेकिन अभिभाषण में राज्य की वित्तीय स्थिति पर जारी श्वेत पत्र में पहले से उल्लिखित मुद्दों के अलावा कुछ नया नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ टीवीके चुनाव के दौरान किये गये वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण में मुख्य रूप से उन्हीं मांगों का उल्लेख था, जिन्हें उन्होंने हाल में नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान उठाया था, साथ ही दो दिन पहले जारी राज्य सरकार के श्वेत पत्र की बातें भी उसमें शामिल थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित