चेन्नई , अप्रैल 20 -- तमिलनाडु के दक्षिणी विरुधुनगर जिले के कट्टनारपत्ती गांव में एक निजी पटाखा निर्माण कारखाने में रविवार को हुये दोहरे विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हो गयी है। कल रात से अब तक चार और लोगों की चोटों और झुलसने के कारण मौत हो गयी है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने इस दुखद घटना में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया है। एक ही गांव में 19 लोगों की मौत हुई है।
सोमवार को यहां मिली रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों में 19 महिलाएं, चार पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं, जबकि एक शव के बुरी तरह जल जाने के कारण उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पायी है।
सूत्रों ने उसी स्थान पर हुए दूसरे विस्फोट की भी पुष्टि की, जिसमें पुलिस और दमकल कर्मियों सहित 17 लोग घायल हो गये, जिससे घायलों की कुल संख्या 25 हो गयी।
घायलों को मलबे से निकालने के लिए काफी मशक्कत का सामना करना पडा, क्योंकि लगभग 50 मजदूर जिन चार इमारतों में काम कर रहे थे, वे विस्फोट के प्रभाव से पूरी तरह ढह गयीं। यह विस्फोट भीषण गर्मी के कारण पटाखे बनाने के लिए रसायनों को मिलाते समय घर्षण के कारण हुआ था।
पहले धमाके में 21 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी थी, जिनकी संख्या बाद में बढ़कर 23 और फिर आज25 हो गयी, और आठ लोग घायल हो गये। धमाके के तुरंत बाद, विरुधुनगर, सत्तूर और शिवकाशी से अग्निशमन और पुलिस कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और विभिन्न उपकरणों का उपयोग करते हुए राहत और बचाव कार्यों में जुट गये। तभी मलबे में रखे बड़ी संख्या में पटाखे फट गए, जिससे दूसरा धमाका हुआ।
धमाके के प्रभाव से मलबे से पत्थर चारों ओर उड़ गये और पुलिसकर्मियों और अग्निशमन कर्मियों को लगे, जिससे 11 बचावकर्मी और 6 अन्य लोग घायल हो गये। उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए लेजाया गया, जबकि देर रात तक बचाव कार्य जारी रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित