चेन्नई , सितंबर 24 -- तमिलनाडु के पेरम्बलूर एवं कृष्णगिरि जिलों में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो शिक्षकों और एक छात्र समेत सात लोगों की मौत हो गयी जबकि चार अन्य लोग घायल हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के पेरम्बलूर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार के एक ओमनीबस से टकराने से चार लोगों की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गये जबकि बुधवार शाम कृष्णगिरि जिले में हुई एक दुर्घटना में दो स्कूल शिक्षकों समेत तीन लोगों की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक पेरम्बलूर में यह हादसा तब हुआ जब पीड़ित रामनाथपुरम ज़िले में एक शादी में शामिल होकर चेन्नई लौट रहे थे और संभवत: तेज रफ़्तार होने के कारण यह हादसा हुआ। ओमनीबस के पीछे चल रही कार के चालक ने गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो दिया और वह बस से टकरा गयी जिससे चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। कार में सवार चार अन्य लोगों को चोटें आयी जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। इन्हें पेरम्बलूर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस और अग्निशमन सेवा के कर्मियों ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार से शवों को बाहर निकाला और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित