चेन्नई , नवंबर 09 -- तमिलनाडु में दिवाली के दिन हुई अलग-अलग घटनाओं में एक विशेष उप-निरीक्षक (एसएसआई) सहित 10 लोग मारे गए जिसकी द्रमुक, अन्नाद्रमुक और पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) सहित विपक्षी दलों ने तीखी आलोचना की है।

इस बीच, मुख्यमंत्री विजय ने सोमवार को पुलिसकर्मी की मौत पर शोक व्यक्त किया और उनके परिवार के लिए 40 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।

रिपोर्ट के अनुसार, ये हत्याएं कल रात से आज सुबह के बीच हुईं। थेनी जिले के समाधर्मपुरम गांव में ड्यूटी से सादे कपड़ों में लौट रहे 57 वर्षीय विशेष उप-निरीक्षक सेंथिलकुमार की हत्या कर दी गई। उन्होंने सड़क पर हंगामा कर रहे, पटाखे फोड़कर लोगों में दहशत फैला रहे और यातायात बाधित कर रहे नशे में धुत युवकों के एक समूह का विरोध किया था, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई।

वहीं त्रिची में तीन लोग मारे गए। इसमें एक लड़की को छेड़ने से हुए विवाद में दो युवा दैनिक वेतन भोगी मजदूरों की जान चली गयी जबकि चेन्नई में काम करने वाले एक 20 वर्षीय आईटी कर्मचारी की पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद में हत्या हो गयी।

इसके अलावा, दक्षिणी शिवगंगा जिले में दो लोगों (जमानत पर बाहर चल रहा एक हिस्ट्रीशीटर और एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति) की हत्या कर दी गई। पेरम्बलुर में एक युवक की हत्या कर दी गई और उत्तरी चेन्नई के व्यासरपदी में अवैध संबंध को लेकर एक अन्य युवक का पीछा कर कुल्हाड़ी से काटकर जान ले ली गयी।

तिरुवल्लूर जिले के उथुकोट्टई में एक महिला की उसके प्रेमी द्वारा किसी अन्य पुरुष के साथ संबंध रखने के कारण हत्या कर दी गई। कुड्डालोर जिले में दोस्तों के एक समूह के बीच शराब के नशे में हुई झड़प के बाद एक आदतन अपराधी ने टूटी हुई बीयर की बोतल से एक व्यक्ति की हत्या कर दी।

पुलिस उप-निरीक्षक पर हमला करने के बाद भागने का प्रयास करते समय पुलिस ने हालांकि उस आदतन अपराधी को गोली मार दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि ये हत्याएं पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद, शराब के नशे में हुई झड़पों और हिस्ट्रीशीटरों की पुरानी दुश्मनी के कारण हुईं।

दक्षिण क्षेत्र के महानिरीक्षक (आईजी) विजयेन्द्र बिडारी ने बताया कि सेंथिलकुमार प्रतिनियुक्ति पर थेनी जिले के डीएसपी कार्यालय में तैनात थे। वह कल रात अपनी ड्यूटी समाप्त करने के बाद सादे कपड़ों में घर लौट रहे थे, तभी उन्होंने युवकों के समूह से जनता को असुविधा न पहुंचाने को कहा। जब तीखी बहस शुरू हुई, तो उन्होंने उनमें से एक को पकड़ने की कोशिश की, तभी दूसरे ने उन पर हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिसकर्मी नीचे गिर पड़े।

एक पुलिस गश्ती दल उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले गया और बाद में थेनी राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बावजूद आज सुबह उनका निधन हो गया।

राज्य के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने उनकी मौत पर शोक व्यक्त किया और उनके परिवार को 40 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

वहीं, राज्य में हुई हत्याओं की लगातार घटनाओं को लेकर द्रमुक, अन्नाद्रमुक, पीएमके और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ी निंदा की है। विपक्षी दलों ने बिगड़ती कानून-व्यवस्था के लिए सत्तारूढ़ तमिझगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।

द्रमुक युवा शाखा के सचिव और विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि रविवार को एक ही दिन में विशेष पुलिस उपनिरीक्षक सहित नौ लोगों की हत्या कर दी गयी। त्योहार के दिन पटाखों की आवाज से अधिक चाकू और दरांती से किए गए हमलों की घटनाएं सामने आईं।

उन्होंने सरकार पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को 'डमी मुख्यमंत्री' बताया। उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराधों और हाल ही में थेनी जिला जेल से पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद 17 कैदियों के फरार होने की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का प्रमाण हैं।

श्री उदयनिधि ने आरोप लगाया कि राज्य में न तो पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं और न ही आम लोग। उन्होंने त्रिची में थुरैयूर के विधायक और विधानसभा के उपाध्यक्ष रविशंकर पर एक शिकायतकर्ता के साथ मारपीट करने और उसे वहां से भगाने के आरोप की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि बाद में पीड़ित को धमकाया गया कि वह ऐसा वीडियो जारी करे, जिसमें यह कहा गया हो कि उसके साथ मारपीट नहीं हुई थी।

अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने भी हत्याओं की निंदा करते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाया। पीएमके अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अंबुमणि रामदास ने कहा कि यह निंदनीय है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों की अपनी सुरक्षा भी सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान हुई अधिकतर आपराधिक घटनाओं के पीछे शराब प्रमुख कारण रही।

श्री रामदास ने सरकार और पुलिस से कानून-व्यवस्था के मामले में कोई समझौता किए बिना सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने विधानसभा उपाध्यक्ष से जुड़े उस मामले का भी उल्लेख किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित