चेन्नई , अप्रैल 04 -- तमिलनाडु विधानसभा चुनावों की मतगणना में अब तक घोषित घोषित नतीजों और रूझानों के अनुसार राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना दिख रही है।

राज्य में अभिनेता विजय की पार्टी तमिलागा वेट्ट्री कषगम (टीवीके) सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। पार्टी ने कुल 234 सीटों में से 18 सीटें जीत ली है और 91 सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। फिर भी किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलता नजर नहीं आ रहा है।

टीवीके पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरी है और उसने राज्य में लम्बे समय से चली आ रही दो दलीय व्यवस्था को इस बार तोड़ दिया है।

चुनाव आयोग के अब तक के आंकड़ों के अनुसार 234 सीटों के रूझान एवं नतीजों में द्रमुक पार्टी ने सात सीटें जीत ली हैं और 53 सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। उसकी सहयोगी कांग्रेस ने एक सीट जीती है और चार सीटों पर बढ़त बनाये हुये है।

अन्नाद्रमुक दो सीटें जीतने के साथ 43 सीटों पर बढ़त बनाये हुये है। इसके अलावा पीएमके पांच सीटों पर, भाकपा एक सीट पर विजयी और एक सीट पर बढ़त बनाये हुये है। आईयूएमएल, भाजपा, माकपा दो-दो सीटों पर आगे चल रही है। डीएमडीके, वीसीके और एक अन्य दल एक-एक सीट पर बढ़त बनाये हुये हैं।

राज्य के काेलाथुर विधानसभा सीट में द्रमुक अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री एम के स्टालिन अपने निकटतम प्रतिद्वंदी टीवीके के. वीएस बाबू से 8795 मतों से पीछे चल रहे हैं। एडापड्डी विधानसभा सीट पर 25 में से 25 राउंड की मतगणना पूरी होने तक अन्नाद्रमुक उम्मीदवार पूर्व मुख्यमंत्री और तमिलनाडु विधान सभा में विपक्ष के नेता ई पलानीस्वामी अपने निकटतम प्रतिद्वंदी निर्दलीय उम्मीदवार प्रेमकुमार के. से 98110 मतों से आगे चल रहे हैं और उनकी जीत की घोषणा मात्र शेष रह गया है।

गौरतलब है कि तमिलनाडु विधानसभा की सभी 234 सीटों पर 23 अप्रैल को एकल चरण में मतदान हुआ था। मतगणना आज सुबह आठ बजे से शुरू हुयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित