चेन्नई , अप्रैल 08 -- केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को तमिलनाडु के रानीपेट जिले में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के एक अधीक्षक और एक निरीक्षक को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
सीबीआई की ओर से जारी बयान के अनुसार गिरफ्तार अधिकारियों में येलामिली रिंकेश (अधीक्षक) और रामकेश मीणा (निरीक्षक) शामिल हैं।
सीबीआई ने एक शिकायत के आधार पर रानीपेट रेंज के अधीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप था कि अधीक्षक ने शिकायतकर्ता से जीएसटी पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) पास कराने के बदले 30,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के दौरान अधीक्षक 15,000 रुपये लेने के लिए तैयार हो गया। उसने शिकायतकर्ता को यह रकम मंगलवार को देने के लिए कहा। सीबीआई ने जाल बिछाया और अधीक्षक को 15,000 रुपये मांगते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित