चेन्नई , मार्च 18 -- तमिलनाडु में उड़न दस्ते और निगरानी समिति के अधिकारियों ने चुनावी खर्च की निगरानी और प्रवर्तन को मजबूत करते हुए अब तक 42.65 करोड़ रुपये मूल्य के वस्तुओं की जब्ती की है।
तमिलनाडु की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक ने बुधवार को बताया कि 2.37 करोड़ रुपये नकद, 0.18 करोड़ रुपये की शराब, 2.88 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ, 16.42 करोड़ रुपये की कीमती धातुएं और 20.80 करोड़ रुपये के मुफ्त उपहार और अन्य सामान जब्त किए गए हैं।
सुश्री पटनायक ने कहा कि अवैध नकदी, प्रलोभन और अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों के वितरण पर रोक लगाने के लिए खर्च निगरानी टीमों और एजेंसियों ने निगरानी और समन्वय तंत्र को तेज कर दिया है।
तमिलनाडु की कुल 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान होंगे। चुनाव आयोग ने कुल 327 पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं, जिनमें इनमें 136 सामान्य पर्यवेक्षक, 40 पुलिस पर्यवेक्षक और 151 व्यय पर्यवेक्षक शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पांच राज्यों के लिए आम चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए जोर देकर कहा था कि चुनाव हिंसा मुक्त और प्रलोभन मुक्त तरीके से आयोजित किए जाएंगे ताकि प्रत्येक मतदाता बिना किसी डर या पक्षपात के अपना वोट डाल सके। तदनुसार, ये पर्यवेक्षक इस उद्देश्य को पूरा करने में आयोग की 'आंख और कान' के रूप में कार्य करेंगे।
आयोग के निर्देशों के अनुसार, पर्यवेक्षक बुधवार से अपने संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में तैनात हो गए हैं। वे अपने संपर्क विवरण सार्वजनिक करेंगे और उम्मीदवारों, राजनीतिक दलों या उनके प्रतिनिधियों या जनता से उनकी चुनाव संबंधी शिकायतें सुनने के लिए प्रतिदिन मिलने का एक समय निर्धारित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित