चेन्नई , अक्टूबर 04 -- तमिलनाडु में शनिवार दोपहर से लापता चार स्कूली छात्रों के शव रविवार को तिरुनीरमलाई झील में तैरते मिले। इनमें से दो लड़के और दो लड़कियां हैं। इसे स्थानीय रूप से पेरिया एरी (बड़ी झील) भी कहा जाता है।

पुलिस को आशंका है कि झील में खेलते समय कीचड़ में फंसने के बाद चारों बच्चे डूब गये। मृतकों की पहचान के. देवदर्शन (12), डी. युवनेश (10), पूजा (13) और खुशी (13) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, चारों दोस्त और पड़ोसी थे तथा क्रोमपेट इलाके में रहते थे। देवदर्शन सातवीं कक्षा, पूजा और खुशी आठवीं कक्षा की छात्राएं थीं और एक सरकारी स्कूल में पढ़ती थीं, जबकि युवनेश छठी कक्षा में एक निजी स्कूल का छात्र था।

बताया गया है कि चारों बच्चे शनिवार दोपहर अपने घरों के पास एक साथ खेल रहे थे, जिसके बाद अचानक लापता हो गये। माता-पिता, परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश की तथा स्थानीय व्हाट्सऐप समूहों में उनकी तस्वीरें भी साझा की गयीं, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।

बच्चों के माता-पिता की ओर से देर रात दर्ज करायी गयी गुमशुदगी की शिकायत के बाद क्रोमपेट पुलिस ने उन्हें तलाशने के लिए तांबरम, एग्मोर और चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशनों तथा केलंबक्कम बस टर्मिनस की पुलिस को भी सूचना दी।

रातभर तलाश के बाद रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने तिरुनीरमलाई झील में चारों बच्चों के शव तैरते देखे। सूचना मिलने पर पुलिस तथा अग्निशमन एवं बचाव सेवा विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित