चेन्नई , मार्च 10 -- तमिलनाडु पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने एक बड़ी कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध नेटवर्क का भंडाफोड़ कर इस मामले में रामनाथपुरम जिले से सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की ओर से जारी बयान के अनुसार यह सात गिरोह सथिराकुडी और परमाकुडी गांवों से अपना नेटवर्क संचालित कर रहा था। यह कार्रवाई 1.36 करोड़ रुपये की ऑनलाइन निवेश ठगी से जुड़े मामले की जांच के दौरान की गई।

साइबर अपराध शाखा की निगरानी और गहन जांच में सामने आया कि यह संगठित गिरोह साइबर अपराध से प्राप्त धन को विदेशी साइबर अपराध नेटवर्क तक पहुंचाने में लगा था। इसके बाद साइबर अपराध शाखा-1 की पुलिस अधीक्षक आई. शहनाज के नेतृत्व में विशेष टीम ने कार्रवाई कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जांच में यह भी पता चला कि 2025 और 2026 के दौरान गिरोह ने लगभग 100 करोड़ रुपये की साइबर अपराध से प्राप्त राशि को अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध सिंडिकेट के नियंत्रण वाले डिजिटल खाते में ट्रांसफर किया। मामले में अन्य सदस्यों की पहचान और बड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

इस कार्रवाई की सराहना करते हुए संदीप मित्तल, एसएसपी पुलिस (साइबर क्राइम विंग), ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध सिंडिकेट की मदद करने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित