चेन्नई , मई 20 -- तमिलनाडु में बुधवार को घोषित 10वीं कक्षा एसएसएलसी बोर्ड परीक्षा परिणामों में लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य में कुल 94.31 उत्तीर्ण प्रतिशत हासिल किया।

इस वर्ष का परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में 0.15 प्रतिशत अंक अधिक रहा। वर्ष 2025 में उत्तीर्ण प्रतिशत 93.80 था, जबकि वर्ष 2024 में यह 91.55 प्रतिशत और वर्ष 2023 में 91.39 प्रतिशत दर्ज किया गया था। वर्ष 2022 में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 90.07 रहा था।

कोविड-19 महामारी के दौरान वैकल्पिक मूल्यांकन पद्धति अपनाए जाने के कारण 2020 और 2021 में तमिलनाडु ने 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया था।

परीक्षा परिणाम जारी करते हुए राजकीय परीक्षा निदेशालय (डीजीई) ने बताया कि इस वर्ष लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.47 रहा, जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 92.15 दर्ज किया गया। जिलों में पुडुक्कोट्टई ने 97.57 प्रतिशत परिणाम के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इसके बाद शिवगंगाई (97.54 प्रतिशत), थंजावुर (97.41 प्रतिशत), तिरुचिरपल्ली (97.31 प्रतिशत) और कन्याकुमारी (97.30 प्रतिशत) का स्थान रहा। राजधानी चेन्नई का उत्तीर्ण प्रतिशत 92.34 दर्ज किया गया।

जेल बंदियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 95.68 तथा दिव्यांग विद्यार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 85.89 रहा। मार्च और अप्रैल में आयोजित परीक्षाओं में लगभग 8.70 लाख विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 8.21 लाख से अधिक विद्यार्थी सफल घोषित किए गए। कुल 8,70,643 परीक्षार्थियों में 4,35,247 छात्राएं और 4,35,396 छात्र शामिल थे। इनमें से 8,21,105 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 4,19,891 छात्राएं और 4,01,214 छात्र शामिल हैं।

इस वर्ष कुल 5,171 विद्यालयों ने शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया, जिनमें 1,931 सरकारी विद्यालय शामिल हैं। वहीं 8,233 विद्यालयों का परिणाम 95 प्रतिशत से अधिक रहा।

निजी विद्यालयों ने एक बार फिर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 98.14 प्रतिशत उत्तीर्ण परिणाम दर्ज किया। सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों का उत्तीर्ण प्रतिशत 94.34 तथा सरकारी विद्यालयों का 91.86 प्रतिशत रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित